पालिकाध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ किया छठ पूजा घाट का निरीक्षण
सूर्य कुण्ड सरोवर के घाटों एवं समूचे परिसर में सफाई से लेकर बैरिकेडिंग तक की गयी व्यवस्था
प्रभात उजाला नेटवर्क.......
मुंगराबादशाहपुर , जौनपुर । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया । पर्व को लेकर पूजास्थल नगर के प्रतापगढ़ रोड स्थित भगतसिंह वार्ड में बने सूर्यकुण्ड सरोवर पर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं साथ ही समूचे नगर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर नगर की साफ-सफाई करायी गयी है । व्रती महिलाओं ने घाटों पर पूजा-अर्चना के लिए वेदियां भी तैयार कर ली हैं । अब श्रद्धालुओं को अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने का इंतजार है ।
नगर के पूजास्थल प्रतापगढ़ रोड स्थित सूर्यकुण्ड सरोवर घाट पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की सम्भावना है । इसे देखते हुए जहाँ प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए हैं वहीं नगर पालिका प्रशासन ने भी छठ महापर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए कमर कस कर युद्धस्तर पर तैयारियां पूरी करने में जुटा हुआ है । सूर्यकुण्ड के चारो तरफ बैरिकेडिंग करायी गयी है, ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो ।
शुक्रवार को शाम नगर पालिका अध्यक्ष कपिलमुनि ने अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी व पालिका परिषद के अन्य अधिकारियों के साथ सूर्यकुण्ड सरोवर के घाटों का निरीक्षण किया । इस दौरान पालिकाध्यक्ष एवं अधिकारियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबन्धन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया । पालिकाध्यक्ष कपिलमुनि एवं अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी ने सम्बंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्व के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए ।


